ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ज्वैलर्स की दुकान बंद कर घर लौट रहे सराफा व्योपारी को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी। इस घटना में व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया। व्यापारी को निजी वाहन से एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। वीरेंद्र सिंह चौहान 40 वर्ष पुत्र सुंदर सिंह चौहान की 93 निर्मल बाग ए वीर भद्र मार्ग पशुलोक स्थित साक्षी ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। रविवार देर रात वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे कि तभी नकाबपोश बदमाश धमका और उनके हाथ से बैग छीनने का प्रयास करने लगा।
छीना झपटी में नकाबपोश ने व्यापारी की पीठ पर फायर झोंक दिया और बैग लेकर फरार हो गया। आवाज सुनकर पड़ोसी महिला तनु और पूजा अपनी छत पर आ गए। उन्होंने देखा कि व्यापारी वीरेंद्र सिंह चौहान जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़े थे। मौके पर भीड़ जमा हो गई और निजी वाहन के जरिए व्यापारी को एम्स ऋषिकेश लाया गया। खबर लिखे जाने तक व्यापारी की हालत स्थिर बनी हुई थी। वहीं मौके पर एसएसपी देहरादून निवेदिता कुकरेती भी व्यापारी का हाल जानने पहुंची।
पत्नी शाम को ही डिस्चार्ज होकर घर पहुंची
व्यापारी वीरेंद्र सिंह चौहान की पत्नी प्रभा देवी रविवार शाम को ही ऋषिकेश के एक निजी अस्पताल से हर्निया अपेंडिक्स के ऑपरेशन के बाद घर लौटीं थी।
जल्द खुलासा होगा : एसएसपी
सूचना पाकर एसएसपी देहरादून निवेदिता कुकरेती भी एम्स ऋषिकेश व्यापारी का हाल जानने पहुंची। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल व्यापारी की हालत स्थिर है। उन्हें उच्चस्तरीय उपचार दिया जा रहा है। एसएसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
चार वर्ष पूर्व भी हो चुकी है दुकान से चोरी
व्यापारी वीरेंद्र सिंह चौहान के चाचा दौलत सिंह चौहान ने बताया कि 4 वर्ष पूर्व भी इसी दुकान पर अज्ञात लोगों ने लाखों रुपये का सोना चोरी कर लिया था। उन्होंने आशंका जताई कि पुरानी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया है।