ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
नगर निकाय चुनाव के रविवार को होने वाले मतदान के दौरान सभी केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाएगी। इस संबंध में यूपीसीएल की ओर से सारी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। यूपीसीएल प्रबंध निदेशक बीसीके मिश्रा की ओर से मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंताओं को आदेश जारी किए गए हैं कि देहरादून के अलावा हरिद्वार, नैनीताल, उधमसिंह नगर, पिथौरागढ़, चंपावत, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, पौड़ी, गढ़वाल और टिहरी समेत जहां पर भी नगर निकाय चुनाव कराए जा रहे हैं, वहां बनाए गए सभी मतदान केंद्रों पर मतदान के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही निर्देशित किया कि किसी भी मतदान केंद्र में बिजली आपूर्ति बाधित होती है तो सूचना मिलते ही तत्काल मरम्मत कर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
दूसरी ओर यूपीसीएल के मुख्य अभियंता एके सिंह ने बताया कि मतदान के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति को लेकर तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए जा चुके हैं। यदि किसी भी जगह पर बिजली आपूर्ति बाधित होने की जानकारी मिलने के बावजूद मरम्मत नहीं की जाएगी तो संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।