कल से चलेगा पल्स पोलियो अभियान
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस बार सोमवार से पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। पहले यह अभियान रविवार से शुरू होना था। निकाय चुनाव के चलते शासन ने यह बदलाव किया है। इस संबंध में सचिव स्वास्थ्य नितेश कुमार झा की ओर से आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। अभियान के दौरान जिले में 213425 नौनिहालों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके गुप्ता ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के दौरान कोई भी बच्चा दवा पीने से वंचित न रह जाए, इसके लिए जिले में 1234 बूथ बनाए गए हैं। अभियान के दौरान निगरानी के लिए विभागीय अधिकारियों की अगुवाई में 935 टीमों का गठन करने के साथ ही 239 सुपरवाइजर्स को तैनात किया गया है। सीएमओ डॉ. गुप्ता ने बताया कि अभियान के दौरान पांच साल तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलायी जाएगी। बच्चों को पोलियो की दवा पिलाते समय दवाओं की कमी न हो इसके लिए 13070 वायल दवा मंगाई गई है, जिसका एसीएमओ के माध्यम से वितरण भी कराया जा चुका है।
सीएमओ ने बताया कि वैसे तो विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से साल 2014 में ही भारत को पोलियो मुक्त देश घोषित किया जा चुका है लेकिन पड़ोसी देशों बांग्लादेश, म्यांमार व पाकिस्तान में वर्तमान में भी पोलियो के कई मरीज होने की वजह से इस बात की संभावना बनी रहती है कि यदि बच्चों को पोलियो की दवा नहीं पिलायी गई तो भारत में पोलियो के नए सिरे से शुरू होने का खतरा हो सकता है। ऐसे में विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से एहतियात के तौर भारत में भी समय-समय पर पल्स पोलियो अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान कोई भी बच्चा दवा पीने से वंचित न रह जाए इसके लिए सभी एसीएमओ व डिप्टी सीएमओ को भी निर्देश जारी कर दिए गए हैं।