भाजपा सरकार ने कांग्रेस की विफलता को सफलता में बदला
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
ग्राम स्वराज अभियान का शनिवार को पथरिया पीर में चौपाल के साथ समापन हो गया, जिसमें मसूरी विधायक ने लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं में बारे में बताया। वहीं, उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार ने कांग्रेस की 60 साल की विफलता को चार साल में सफलता में तब्दील कर दिया।
भाजपा की ओर से आयोजित पांच दिवसीय समरसता सप्ताह के अंतिम दिन मसूरी विधायक गणेश जोशी स्कूटी से क्षेत्र में पहुंचे। उन्होंने वार्ड सात विजय कॉलोनी के पथरिया पीर में दलित समाज के प्रधान धर्मसिंह वाल्मीकि के आवास पर चाय पर चौपाल की। ग्राम स्वराज अभियान के तहत विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधुनिक तकनीक के जरिये सरकारी सिस्टम में पारदर्शिता लाने का सफल प्रयास किया। उन्होंने उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना, जन धन योजना समेत अन्य योजनाओं की जानकारी दी। बताया कि सरकार दिल्ली में 110 करोड़ की लागत से भीमराव आंबेडकर स्मारक भी बनवा रही है।
इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष पूनम नौटियाल, महानगर उपाध्यक्ष आरएस परिहार, सत्येंद्र नाथ, प्रदीप रावत, डॉ. बबीता सहौत्रा, राजकुमार राजौरिया, संजय, ओमप्रकाश, किशोरी लाल, कमल प्रधान, विनोद, दीपचंद्र आदि मौजूद रहे। उधर, रेसकोर्स वार्ड में भी चौपाल लगाई गई। इस दौरान महेश पांडे, रेणु कश्यप, आरती, गौतम कुमार, संजय खरे आदि मौजूद रहे।