विकासनगर। कालसी भूमि संरक्षण वन प्रभाग के वन सुरक्षा दल ने डॉक्टरगंज स्थित एक खाली प्लॉट से शीशम की लकड़ी के 17 नग बरामद किए हैं। लकड़ी को कब्जे में लेकर सहसपुर स्थित रेंज कार्यालय में सीज कर दिया गया है। मामले में अज्ञात से जुर्माना वसूला जाएगा। टीम ने लकड़ी काटने वाले लोगों की तलाश तेज कर दी है।
बृहस्पतिवार को दल के वन क्षेत्राधिकारी ऋषि पैन्यूली को सूचना मिली कि डॉक्टरगंज में एक होटल के पीछे स्थित खाली प्लॉट में लकड़ी को छिपाकर रखा गया है। इस पर दल की टीम ने उनके नेतृत्व में छापामारी अभियान चलाया। मौके से पराली के नीचे छिपा कर रखे गए विभिन्न नाप के 17 नग बरामद हुए। आसपास पूछताछ के दौरान प्रकाष्ठ मालिक के बारे में पता नहीं चल सका। इस पर टीम ने लकड़ी को रेंज कार्यालय लाकर सीज कर दिया।
वन क्षेत्राधिकारी ऋषिराम पैन्यूली ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ जुर्माना वसूला जाएगा। बरामद लकड़ी को सीज कर दिया गया है। लकड़ी काटने वालों की तलाश की जा रही है। टीम में वन दरोगा दिनेश कोठारी, दीपक उनियाल, मरोज कुमार, वन आरक्षी विकास घिल्डियाल और वाहन चालक अली खान मौजूद रहे।