राज्यपाल डॉ. केके पाल ने शुक्रवार को 16वें गवर्नर्स गोल्फ टूर्नामेंट का टी ऑफ शॉट लगाकर शुभारंभ किया। पहले दिन खेल के मैदान में उतरे 40 खिलाड़ियों ने आकर्षक शॉट लगाकर दर्शकों और साथी खिलाड़ियों का दिल जीत लिया।
शुक्रवार सुबह साढ़े सात बजे राज्यपाल गोल्फ मैदान में पहुंचे। उन्होंने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद खेल शुरू हुआ। किसी ने सटीक शॉट मारा तो किसी की बॉल जंगल में जा गिरी। गोल्फरों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। पहले दिन 40 खिलाड़ियों ने शानदार शॉट लगाए।
इस दौरान राज्यपाल के सचिव रविनाथ रमन, आईजी पूरण सिंह रावत, उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी निदेशक एएस नयाल, जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन, एसएसपी जन्मेजय खंडूरी, राज्यपाल के विधि सलाहकार आरसी खुल्बे, राज्यपाल के एडीसी डॉ. असीम श्रीवास्तव, एडीसी मेजर अनुज राठौर, गोल्फ कैप्टन कर्नल (रिटायर्ड) हरीश साह आदि मौजूद रहे।
नगर को गोल्फ स्थल के रूप में पहचान दिलाने की कोशिश : राज्यपाल
राज्यपाल ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि राजभवन गोल्फ क्लब को एक प्रमुख गोल्फ स्थल के रूप में पहचान दिलाने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए इंडियन गोल्फ यूनियन का भी सहयोग लिया जा रहा है। गोल्फ में युवा प्रतिभाओं को अवसर देने की कोशिश जारी है। स्कूली बच्चों के लिए निशुल्क प्रशिक्षण कैंप लगाए जा रहे हैं। आईजीयू की ओर से 29 से 31 मई तक राजभवन गोल्फ कोर्स में जूनियर, सब जूनियर नेशनल गोल्फ प्रतियोगिता कराई जाएगी।