ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। नगर निगम क्षेत्र के भवन करदाता अब 28 फरवरी तक बिना किसी जुर्माने के कर जमा कर सकते हैं। उसके बाद कर जमा कराने पर 15 हजार रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। मेयर सुनील उनियाल गामा ने पार्षदों की मांग पर छूट की समयसीमा बढ़ाई है। इससे पहले 31 जनवरी तक छूट थी।
भवन कर जमा करने के लिए नगर निगम की ओर से वार्डों में शिविर नहीं लगाने के कारण निगम का लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया है। 25 करोड़ के सापेक्ष अभी मात्र करीब 15 करोड़ रुपये जमा हो पाए हैं। इसको लेकर पार्षदों ने बुधवार को मेयर से वार्ता कर छूट की समयसीमा बढ़ाने की गुहार लगाई। इस पर मेयर ने 28 फरवरी तक छूट देने के आदेश जारी किए। साथ ही कहा इसके बाद समयसीमा नहीं बढ़ाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से वार्डों में शिविर लगाकर कर वसूलने के निर्देश दिए। इस दौरान पार्षद भूपेंद्र कठैत, नंदनी शर्मा, अनिता सिंह, सतीश कश्यप आदि मौजूद रहे।