शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए बनेगी समिति
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। शिक्षकों की समस्याओं और छात्रहित से जुड़े प्रकरणों के समाधान के लिए मंडलायुक्त की अध्यक्षता में समितियों का गठन किया जाएगा। दोनों मंडलों में बनने वाली यह समितियां प्रत्येक तीन माह में इन मुद्दों की समीक्षा करेगी।
राजकीय शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने जुलाई में हड़ताल की थी। इस मामले में दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने सरकार को छात्रहित में शिक्षकों की मांगों के निस्तारण के लिए मंडल स्तर पर मंडलायुक्त की अध्यक्षता में समिति गठित करने के निर्देश दिए थे। इस पर सरकार ने गढ़वाल और कुमाऊं में एक-एक समिति के गठन का शासनादेश जारी कर दिया है।
समिति में मंडलायुक्त अध्यक्ष और मंडलीय अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा सदस्य सचिव होंगे। इसके अलावा मंडल मुख्यालय के मुख्य शिक्षा अधिकारी, वित्त अधिकारी और राजकीय शिक्षक संघ के मंडलीय अध्यक्ष व मंत्री बतौर सदस्य शामिल होंगे। यह समिति प्रत्येक तीन माह में शिक्षकों व छात्रहित से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करेगी।
--
सरकार का यह निर्णय बहुत अच्छा है। इससे शिक्षकों की समस्याओं का समय से निस्तारण हो सकेगा। सरकार और शिक्षकों के बीच टकराव की स्थिति पैदा नहीं होगी।
- डॉ. सोहन माझिला, महामंत्री, राजकीय शिक्षक संघ
--
समिति के गठन से कार्यों में आने वाली अनावश्यक बाधाओं में कमी आएगी। शिक्षकों की समस्याओं का समाधान होगा, जिससे उन्हें निदेशालय या दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
- आरके कुंवर, निदेशक, माध्यमिक शिक्षा