ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
जीवीके ईएमआरआई प्रबंधन की ओर से सोमवार को चंदरनगर स्थित आपतकालीन सेवा 108 मुख्यालय में राज्य स्तरीय इमरजेंसी मेडिकल केयर अवार्ड समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में जेवीके ईएमआरआई के स्टेट हेड मनीष टिंकू ने कहा कि 108 सेवा बीते 10 वर्षों से रोजाना 300 से 350 लोगों को आपातकालीन सेवाएं दे रही है। अभी तक 12 लाख 58 हजार से अधिक आपातकालीन मामलों में 31,700 से अधिक का जीवन बचाया गया है। समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए कर्मचारियों को 108 नेशनल सेवियर, ईएम केयर, बेस्ट केएमपीएल, बेस्ट ईआरओ अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। बेरीनाग एंबुलेंस में तैनात ईएमटी गोकुल सिंह और दिगंबर को 108 नेशनल सेवियर अवार्ड से सम्मानित किया गया। दोनों कर्मचारियों को यह अवार्ड गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा के दौरान अस्पताल ले जाते हुए एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव करवाने के लिए प्रदान किया गया।
इनका भी हुआ सम्मान
अजय मोहन सकलानी, दिनेश चंद्र नॉटियाल, दामोदर चमोली, लुदर सिंह, संजय सिंह, विकास कुमार, मदन सिंह रावत को 10 वर्ष सेवा पूरी करने पर सम्मानित किया गया। रमेश सिंह, विजय, परमवीर सिंह, विजय थापली, बृजमोहन सिंह, सुरेंद्र सामवंत, पियूष रावत, राजेंद्र सिंह, प्रवेश रतूड़ी और आशीष नॉटियाल को ईएम केयर अवार्ड, माधवी शर्मा को बेस्ट काउंसलर, रीना वर्मा को बेस्ट रिस्पांडेंट, कमल किशोर को बेस्ट ईआरसी ऑफिसर और मोना मेहरा को बेस्ट केकेएस सीओ आवार्ड मिला।