ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादूून।
होली के दिन दून में सबसे अधिक 29 सड़क दुर्घटनाएं हुईं। वहीं हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में भी कई दुर्घटनाएं हुईं। चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा एवं बागेश्वर में सड़क हादसों के मामले में आपातकालीन सेवा 108 के पास एक भी कॉल नहीं गई। पुलिस संबंधी प्रकरणों के भी अधिकतर मामले देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जनपद के हैं।
108 आपातकालीन सेवा के स्टेट हेड मनीष टिंकू के मुताबिक होली के दिन 108 आपातकालीन सेवा को कुल 858 आपातकालीन कॉल्स आई थीं। जो सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुनी रहीं। इनमें सर्वाधिक 282 काल देहरादून से थीं। इनमें 422 मेडिकल एवं 139 पुलिस संबंधी मामले थे। सड़क दुर्घटनाओं में दूसरे नंबर पर 15-15 सड़क दुर्घटनाओं के साथ ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जनपद दूसरे एवं हरिद्वार तीसरे नंबर पर रहा। हरिद्वार में नौ सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इसके अलावा टिहरी में पांच, पौड़ी में दो एवं चंपावत में दो सड़क हादसे हुए। पुलिस से संबंधित मामलों में भी सर्वाधिक 43 मामले देहरादून, 21 ऊधमसिंह नगर, 19 हरिद्वार और इतने ही प्रकरण नैनीताल जनपद के रहे। मनीष के मुताबिक पिछले साल होली के आंकड़ों की तुलना में इस बार कॉल्स की संख्या में कुछ कमी रही, लेकिन यह सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक थी।
दून अस्पताल में आए 30 मामले
होली के दिन दून अस्पताल की आपातकालीन सेवा में 30 मामले पहुंचे। इनमें आठ मामले विभिन्न कारणों से चोटों से संबंधित थे। जबकि एक युवक ने विषाक्त पदार्थ खाया था। चिकित्सकों के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद युवक को छुट्टी दे दी गई है।