अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
कांवड़ यात्रा शु़रू होने में अब एक दिन शेष रह गया है। ऐसे में कांवड़ पटरी पर शिवभक्तों के लिए सुविधाएं जुटाने के लिए विभिन्न विभागों ने काम तेज कर दिया है। शनिवार को कांवड़ पटरी पर पेयजल लाइनें बिछाने का काम शुरू कर दिया है। जिला पंचायत की ओर से शौचालय का निर्माण भी तेज कर दिया गया है। अपर जिलाधिकारी अभिषेक त्रिपाठी ने विभिन्न विभागों के अफसरों के साथ शनिवार को कांवड़ पटरी का निरीक्षण कर शेष काम भी जल्द निपटाने के निर्देश दिए।
अब तक कांवड़ पटरी पर शिव भक्तों के लिए पेयजल, बिजली और शौचालय निर्माण सरीखी सुविधाएं जुटाने का काम धीमी गति से चल रहा था। जिलाधिकारी दीपक रावत ने नौ जुलाई तक सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे।
शनिवार को कांवड़ पटरी पर पेयजल लाइनें डालने और पेयजल तथा शौचालय कांप्लेक्स बनाने का काम तेजी से शुरू किया है। पर्यटन विभाग की ओर से सुबह से ही मायापुर और पुल जटवाड़ा के बीच पेयजल लाइनें बिछाने का काम शुरू कर दिया गया था। बैरागी कैंप में बनाई जा रही पार्किंग में भी पेयजल लाइनें, बिजली के पोल लगाने और सार्वजनिक शौचालय बनाने का काम तेजी से चलता रहा।
अपर जिलाधिकारी अभिषेक त्रिपाठी ने अन्य विभागीय अधिकारियों के सथ नारसन बॉर्डर तक कांवड़ पटरी का निरीक्षण किया। बैरागी कैंप में बन रहे पार्किंग स्थल और कनखल में बनाए जा रहे अस्थायी पुलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कांवड़ के कामों की प्रगति पर संतोष जताया। पेयजल निगम और जलसंस्थान की ओर से अधिकतर काम पूरा कर लिया गया है। ऊर्जा निगम ने भी अधिकतर पटरी पर बिजली के पोल लगाकर लाइनें खिंचवा दी हैं। जिला पंचायत की ओर से पूरी पटरी पर खड़ी झाड़ियां कटवाने के साथ ही शौचालयों का निर्माण भी कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता मोहम्मद मीसम, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता मनीष सेमवाल, ऊर्जा निगम के बीएस पंवार समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।