ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। आईडीपीएल हाट में फुटवियर व्यापारी को गोली मारने वाले आरोपी राजीव सैनी के साथ दो अन्य युवक होने की बात भी सामने आई है। मृतक के परिजनों ने उप जिलाधिकारी से वारदात में शामिल दो अन्य युवकों की भी गिरफ्तारी की मांग की है। मंगलवार को मृतक दीपक उर्फ रिंकू की माता कमलेश देवी तहसील दिवस पर पहुंची। यहां उप जिलाधिकारी प्रेमलाल को उन्होंने ज्ञापन सौंपकर बताया कि बीते रविवार को उनके इकलौते पुत्र की गोली मार कर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने हत्या के आरोपी राजीव सैनी को गिरफ्तार तो कर लिया है, लेकिन उनका परिवार आज भी डर के साये में जीवन व्यतीत कर रहा है। उन्होंने एसडीएम को बताया कि गोलीकांड में आरोपी राजीव सैनी के साथ दो अन्य युवक दीपांशु और विशाल भी शामिल थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया है। दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से उनके परिवार के सदस्यों की जान खतरे में है। उन्होंने एसडीएम प्रेमलाल से वारदात में शामिल दो अन्य युवकों की भी जल्द गिरफ्तारी करने की मांग की। साथ ही भविष्य में ऐसी घटना न घटे इसके लिए उचित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की।