चार शहरों में वायु प्रदूषण कम करने का खाका तैयार
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। देवभूमि में साल दर साल बढ़ रहे प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए उत्तराखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने वायु प्रदूषण नियंत्रण कार्ययोजना तैयार की है। योजना के पहले चरण मेें देहरादून, काशीपुर, ऋषिकेश व हरिद्वार को शामिल किया गया है। इनमें प्रदूषण की स्थिति अन्य शहरों की तुलना में ज्यादा खराब है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुख्य पर्यावरण अधिकारी डॉ. एसएस पाल के मुताबिक बोर्ड की ओर से तैयार किए गए प्रस्तावोें में से काशीपुर व ऋषिकेश के लिए तैयार की गई कार्ययोजनाओं को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। जबकि देहरादून व हरिद्वार के लिए तैयार की गई कार्ययोजनाओं को मंजूरी मिलने का इंतजार किया जा रहा है।
डॉ. पाल ने बताया कि योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन, सिंचाई, पीडब्ल्यूडी, स्वास्थ्य समेत तमाम सरकारी विभागों की मदद ली जाएगी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड इस योजनाओं के लिए बजट मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि राजधानी दून में चार फ्लाईओवर के निर्माण से वायु प्रदूषण कम हुआ है। इस दिशा में अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है।