ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
क्षेत्रीय सेवायोजन विभाग में मंगलवार को आयोजित रोजगार मेले में अभ्यर्थियों का चयन करने पहुंची कंपनियों को सक्षम दावेदार नहीं मिल पाए। मेले में 687 पदों पर साक्षात्कार के लिए 874 युवा पहुंचे। इसमें भी केवल 142 अभ्यर्थी का चयन हो सका।
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में मंगलवार सुबह 10 बजे से युवाओं की भीड़ उमड़ने लगी था। तकरीबन 14 कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए युवाओं से साक्षात्कार लिए। रोजगार के इच्छुक 874 महिला-पुरुष अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार में भाग लिया। पहला साक्षात्कार पास करने वाले 327 अभ्यर्थियों को दूसरे साक्षात्कार के लिए चुना गया। दूसरे साक्षात्कार के बाद मात्र 142 अभ्यर्थी नौकरी पाने के लिए सफल घोषित किए गए। सफल अभ्यर्थियों में 131 पुरुष और 11 महिला अभ्यर्थी शामिल रहीं। ऐसे में 545 अभ्यर्थियों को बैरंग लौटना पड़ा। क्षेत्रीय सेवायोजना अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि कंपनियों की आवश्यकता के अनुसार युवा नहीं पहुंचे। अगली बार और अच्छी कंपनियाें को बुलाने के साथ ही ज्यादा-ज्यादा युवाओं को रोजगार दिलाने की कोशिश की जाएगी।