ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
चकराता। भाजपा को लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक विजय मिलने के बाद कार्यकर्ताओं ने सोमवार को चकराता में जश्न मनाया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपाइयों ने छावनी बाजार में विजय जुलूस निकालकर नारेबाजी की।
चुंगी चौक से शुरू हुए विजय जुलूस में शामिल भाजपा कार्यकर्ता ढोल, रणसिंघा और अन्य पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप पर नृत्य किया। केसरी मार्केट, सदर बाजार, चौक बाजार, तहसील होते हुए शहीद चौक पहुंचकर नुक्कड़ सभा की गई। नुक्कड़ सभा में मधु चौहान ने कहा कि लोकसभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को जाता है। भाजपा नेता प्रताप रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में मजबूत सरकार बनने जा रही है। कार्यकर्ताओं को आने वाले सभी चुनाव बहुत सादगी और मजबूती से लड़ने होंगे। कोई कार्यकर्ता अति आत्मविश्वास में न रहे। जनसभा को पूर्व जिला उपाध्यक्ष अनिल चांदना, पूर्व राज्यमंत्री टीकाराम शाह, संतराम ने भी संबोधित किया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष चंदन चौहान, कालसी ब्लॉक प्रमुख अर्जुन सिंह, विवेक अग्रवाल, नरेश रावत, मनमोहन चौहान, तीर्थ कुकरेजा, नवीन जैन, सालकराम जोशी, फतेह सिंह, देवेंद्र रावत, युद्धवीर तोमर आदि मौजूद रहे।