फायर सीजन शुरू होने के बावजूद प्रसाशन अग्नि सुरक्षा के प्रति लापरवाह बना हुआ है। यहां के नगर निकाय कार्यालयों सहित किसी भी सरकारी कार्यालय में अग्निशमन यंत्र नहीं हैं। आलम यह है कि पछवादून के सबसे बड़े कार्यालय तहसील में भी अग्निशमन यंत्र नहीं हैं।
यही हाल शिक्षण संस्थाओं का भी है, जहां हजारों छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। किसी सरकारी अस्पताल में भी अग्नि सुरक्षा के उपाय नहीं हैं। कहीं यदि दिखावे के तौर पर अग्निशमन यंत्र लगे भी हैं, तो वह भी एक्सपायर डेट के हो चुके हैं। पछवादून में लाखों की आबादी पर सेलाकुई व डाकपत्थर दो फायर स्टेशन हैं। ये आमजन को अग्नि से सुरक्षा के उपाय बताने के लिए समय-समय पर अभियान चलाते हैं, लेकिन इन अभियानों का अधिकारियों पर असर नहीं पड़ रहा है। ऐसे में आग लगने पर कई किमी दूर स्थित फायर ब्रिगेड के इंतजार के अलावा कोई चारा नहीं होता है।
तहसील कार्यालय तक में अग्नि सुरक्षा के उपाय नहीं हैं। जबकि यहां दर्जनों कर्मियों के अलावा रोज हजारों लोग आते हैं। तहसील में राजस्व और भूमि संबंधी महत्वपूर्ण दस्तावेज व कई वादों से संबंधित फाइलें भी रहती हैं। ऐसे में आग लगने पर इन दस्तावेजों को कैसे बचाया जाएगा, इसका जवाब किसी के पास नहीं है। यही हाल पछवादून के सरकारी अस्पतालों का है, यहां भी अग्निशमन यंत्र नहीं हैं। सबसे बुरा हाल सरकारी स्कूलों का है। इनके भवन तो जीर्ण-शीर्ण हैं ही। इनमें बिछी विद्युत लाइनें दशकों पुरानी होने के साथ क्षतिग्रस्त भी हैं। ऐसे में शॉर्ट सर्किट होने का खतरा रहता है। इनमें से अधिकांश स्कूलों की नजदीकी फायर स्टेशन से दूरी 50-60 किमी तक है। बावजूद इसके जिम्मेदार अग्नि सुरक्षा उपायों के प्रति लापरवाह बने हुए हैं।
डाकपत्थर अग्निशमन केंद्र के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी मोहम्मद आजम का कहना है कि प्रत्येक सरकारी कार्यालय को हर वर्ष नोटिस जारी कर अग्निशमन यंत्र लगाने के लिए कहा जाता है, लेकिन सरकारी कार्यालय अग्नि सुरक्षा के प्रति लापरवाह बने हुए हैं।
प्रत्येक कार्यालय में अग्निशमन यंत्र मुहैया कराने के लिए उचित माध्यम से मांग की जाएगी। साथ ही प्रत्येक कार्यालय के संबंधित अधिकारी को भी अपने माध्यम से उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएंगे।
-कौस्तुभ मिश्र, एसडीएम
इन सरकारी कार्यालयों में नहीं हैं अग्निशमन यंत्र
वाणिज्य कर कार्यालय, तहसील, नगर पालिका, जल संस्थान, रेशम विभाग, सिंचाई विभाग, उप कोषागार, रजिस्ट्रार कार्यालय, ब्लॉक, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, उपखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, ब्लॉक समन्वयक कार्यालय।
शैक्षणिक संस्थान : राजकीय महाविद्यालय, राजकीय पॉलीटेक्निक, आईटीआई, इंटर कॉलेज-20, हाईस्कूल-38, जूनियर स्कूल-79, प्राथमिक स्कूल-216
स्वास्थ्य केंद्र : सीएचसी-02, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र-20, उप स्वास्थ्य केंद्र-15