ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
पछवादून के मंदिरों में हनुमान जयंती विधि विधान और श्रद्धा पूर्वक मनाई गई। सुबह से ही मंदिरों में पूजा अर्चना शुरू हुई। श्रद्धालुओं ने हनुमानजी की पूजा अर्चना कर दीर्घायु की कामना की। आकर्षक तौर पर सजाए गए मंदिरों में सुबह से ही हनुमान चालीसा का पाठ और संकट मोचन यज्ञ किया गया।
तेलपुरा अटकफार्म के हनुमंत धाम में महंत राहुल थापा के नेतृत्व में पूजा-अर्चना की गई। हनुमान चालीसा पाठ के बाद हनुमानजी की महाआरती हुई। श्रद्धालुुओं ने लाल चोला भेंट कर खुशहाली की मन्नत मांगी। महंत ने बताया कि हर रोज हनुमानजी की पूजा अर्चना करने से रोगों और कष्टों का नाश होता है। इस दौरान डिकेंद्र बिष्ट, राजू थापा, मन्नू राणा, तार चंद, सुखदेव फर्सवाण, कविता छेत्री, पूनम शर्मा, मीना राणा, शोभा नेगी, सुधा बर्त्वाल, शोभा फर्सवाण आदि मौजूद रहे।
बालाजी धाम झाझरा में आयोजित तीन दिवसीय हनुमान जयंती महोत्सव के समापन पर तड़के पांच बजे हनुमानजी की पूजा-अर्चना की गई। सुबह छह बजे चोला सर्मपित किया गया। इसके बाद सुंदर कांड का पाठ प्रारंभ हुआ। दोपहर 12 बजे हनुमान जी की महाआरती संपन्न हुई। इससे पूर्व तीन दिनों तक चले महोत्सव में शिव सती विवाह अनुष्ठान, शहीदों के नाम दीपदान, एक शाम परिवार के नाम कार्यक्रम संपन्न हुए। इस दौरान धाम के संरक्षक बाबा हठयोगी, पुजारी सियाराम दास, अध्यक्ष भीम सिंह पुंडीर, अजय गोयल, घनश्याम पुंडीर, लक्ष्मण सिंह भंडारी, दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।
विकासनगर स्थित हनुमद्धाम में हनुमानजी के महामंत्र का जाप किया गया। इसके बाद हनुमान चालीसा का एकादश पाठ हुआ और भोग चढ़ाया गया। पूजन हवन की सभी प्रक्रियाएं मुख्य पंडित ओम प्रकाश खंडूड़ी ने संपन्न कराईं। इस दौरान जीवन चंद्र भट्ट, सोमा देवी, शशांक अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, रतन गोयल आदि मौजूद रहे।