ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से मंगलवार को नगर क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों में मतदाता जागरुकता अभियान चलाया गया। अभियान में छात्रों को लोकसभा चुनाव में शत प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया गया।
अभाविप के विभाग संगठन मंत्री अरुण चमोली ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान आम आदमी का सबसे बड़ा हथियार है। हमारा एक वोट देश और प्रदेश की सरकार बनाता है। कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हर युवक, युवती को मतदान जरूर करना चाहिए। प्रांत छात्रावास प्रमुख शुभम गर्ग ने कहा कि जानकारी के अभाव में आज भी एक बड़ा तबका मतदान से वंचित है। कुछ लोग दुष्प्रचार कर मतदाताओं को दिग्भ्रमित करने में भी सफल हो रहे हैं। उन्होंने छात्रों से योग्य उम्मीदवार को मत देने की अपील की। इस दौरान अभाविप के जिला प्रमुख लोकेंद्र, खशबू पैन्यूली, सुमित टांक, राहुल कटियार, मनीषा, अंशिका, मोहित भंडारी, आकांक्षा थापा आदि मौजूद रहे।