ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
चकराता। कांग्रेस भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुकी है। कांग्रेस जो काम 55 वर्षों में नहीं कर पाई भाजपा सरकार ने उसे 55 माह में कर दिखाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्ष 2014 का कांग्रेस मुक्त भारत का नारा सही मायने में भ्रष्टाचार मुक्त भारत का है। ये बातें मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहीं।
वह मंगलवार को छावनी बाजार चौक पर भाजपा की टिहरी लोकसभा प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान कांग्रेस पर जमकर बरसे मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का युवा जाग चुका है और युवाओं ने हमेशा ही दिशा बदलने का काम किया है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सही दिशा में जा रहा है। कहा कि मोदी सरकार ने 55 माह के कार्यकाल में गरीबों को एक करोड़ 20 लाख पक्के घर, शौचालय, बिजली, गैस कनेक्शन और बैंक खातों की सौगात दी है। कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गरीबी हटाओ का नारा देकर उन्हें केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया है, सही मायने में गरीबों का उत्थान अब शुरू हुआ है। सीएम ने कहा पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहते थे कि दिल्ली से 100 रुपये चलते हैं और आम जनता तक 15 रुपये पहुंचते हैं। जबकि, अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरगामी सोच का नतीजा है कि दिल्ली से जिनती धनराशि चलती है हर व्यक्ति के खाते में उतनी पहुंचती है।
टिहरी से भाजपा प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह ने कहा कि टिहरी की जनता उनका परिवार है। विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लोग झोले में लोटा नमक का सामान लिए घूम रहे हैं, लेकिन अब इनकी चालाकी काम नहीं करेगी।
भाजपा नेत्री मधु चौहान ने कहा कि यह उनका अपना चुनाव है और हर कार्यकर्ता आपसी मनमुटाव दूर कर इस चुनाव को लोकसभा की तरह नहीं पंचायत की तरह लड़े। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक व लोकसभा प्रत्याशी प्रीतम सिंह पर चुनाव जीतने के लिए विधायक निधि बांटने का आरोप लगाया। जनसभा में मंडल अध्यक्ष चंदन चौहान, पूर्व ब्लॉक प्रमुख स्वराज चौहान, ब्लॉक प्रमुख कालसी अर्जुन चौहान, दर्जाधारी मंत्री मूरतराम शर्मा, मुन्ना राणा, अरुण मित्तल, प्रताप चौहान, सभासद कैंट आनंद राणा, राजेश तोमर, मोनिका अग्रवाल, रितेश, दिग्विजय सिंह, तीर्थ कुकरेजा, विवेक अग्रवाल, हरबंश कुकरेजा, टीकाराम शाह, गीताराम गौड़, सुरेंद्र चौहान, नरेश रावत, शूरवीर डोभाल, संतराम, केशवराम आदि मौजूद रहेे।
-----
पूर्व दर्जाधारी राज्यमंत्री टीकाराम भाजपा में शामिल
कांग्रेस सरकार में पूर्व दर्जाधारी राज्यमंत्री टीकाराम शाह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के आने से पहले पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि 300 से अधिक लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली है।
-----
पहले बड़ा भाई कहा, फिर साधा निशाना
विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने प्रीतम सिंह पर संबोधन बड़ा भाई कहते हुए किया, लेकिन इसके बाद पूरे भाषण में प्रीतम पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विधायक 10 साल कैबिनेट मंत्री रहे, लेकिन क्षेत्र के अस्पतालों में डॉक्टर तक नहीं ला पाए। दावा किया कि आज चकराता, कालसी, त्यूनी के अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात हैं।