ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
कालसी। तहसील क्षेत्र अंतर्गत शहीद सुरेश गास्की मोटर मार्ग निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने पांच माह से मजदूरी नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए एसडीएम डॉ. अपूर्वा सिंह से कार्रवाई की मांग की है।
एसडीएम कार्यालय पहुंचे मजदूरों ने बताया कि निर्माणदाई संस्था की ओर से पिछले पांच माह से उनसे सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में कुल 80 मजदूर लगे हुए हैं। अब तक मजदूरों ने 45 लाख की लागत का कार्य पूर्ण कर दिया है। लेकिन, संस्था की ओर से उन्हें कोई भुगतान नहीं किया गया है। कहा कि मजदूरी नहीं मिलने से उनके परिवार के सामने दो वक्त की रोटी का संकट पैदा हो गया है। बताया कि अधिकांश मजदूर बाहरी क्षेत्रों के हैं, जो सड़क किनारे ही तंबू लगाकर अपने परिवारों के साथ रहते हैं। मजदूरी नहीं मिलने से उनके बच्चे भूखे रहने को मजबूर हैं।
लोक निर्माण विभाग और संबंधित ठेकेदार से कई बार मजदूरी का भुगतान करने की मांग की गई, लेकिन कोई भी उनकी समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। मजदूरों ने एसडीएम से शीघ्र मजदूरी का भुगतान कराए जाने की मांग की है।
एसडीएम से मिलने वालों में सरस्वती, टीकाराम, पप्पू, कृपा, नवराज, चमन, हीरा लाल, विक्रम, भीम, बिशन सिंह, जगत सिंह, आनंद सिंह, गोलू, शांति, शूरवीर सिंह, अवतार सिंह, खजान, आलम आदि शामिल रहे। उधर, एसडीएम डॉ. अपूर्वा सिंह ने बताया कि लोनिवि के अधिकारियों से जानकारी लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी।