श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा जीआईसी देवलगढ के स्वर्ण जयंती समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान मुख्य अतिथि काबीना मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने कहा कि पहाड़ों में बागवानी व पर्यटन रोजगार का बेहतर जरिया बन सकते हैं। आयोजकों ने देवलगढ़ स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में स्मृति भवन निर्मित किए जाने की मांग भी की।
विद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियां दी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में गढ़वाली, कुमाऊंनी लोकगीतों व लोकनृत्यों की धूम रही। छात्रों ने प्रीतम भरतवाण के जागरों की एक से बढ़ कर एक प्रस्तुतियां दी। नारेणी है माता जगदंबा भवानी जागर पर छात्रों ने नृत्य भी प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि काबीना मंत्री व विद्यालय के पुरातन छात्र डा. हरक सिंह रावत ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में फलदार पौधों की बागवानी व पर्यटन के विकास से बेहतर रोजगार की संभावनाएं उपलब्ध हो सकती हैं। आयोजक मंडल के कुजिंका प्रसाद उनियाल ने देवलगढ़ को पर्यटन सर्किट के तौर पर विकसित करने, यहां कृषि भवन निर्मित करने के साथ ही क्षेत्र के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में स्मृति भवन निर्माण की मांग की, जिस पर काबीना मंत्री डा. रावत ने सकारात्मक आश्वासन दिया। समारोह से पूर्व डा. रावत ने एचएस खत्री स्मृति द्वारा का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर जगत सिंह रावत, प्रसन्न सिंह भंडारी, नरेंद्र सिंह भंडारी व नरेंद्र सिंह रौथाण आदि मौजूद थे।