ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। निकाय चुनाव में इस बार 70 प्रतिशत सीटों पर पुरुष जबकि 30 प्रतिशत सीटों पर महिलाएं चुनाव लड़ रही हैं। ऐसे में महिलाएं घर का कामकाज दूसरों को सौंपकर प्रचार करने के लिए मैदान में उतर गई हैं। हालात यह हैं कि सुबह सात बजे से डोर-टू-डोर प्रचार शुरू होकर रात 10 बजे तक चल रहा है। महिलाओं ने अपनी रसोई की कमान रिश्तेदारों को सौंप दी है। डोईवाला में अध्यक्ष पद की बात करें तो ओबीसी सीट होने के कारण यहां पर चार महिलाएं और पांच पुरुष उम्मीदवार मैदान में हैं।
वहीं 20 वार्डों में सभासद की सात सीट महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। ऐसे में जिन वार्डों में महिलाएं खुद उम्मीदवार हैं, वहां पर चुनाव प्रचार करने मैदान में उतर ही रही हैं, लेकिन जिन वार्डों में पुरुष उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, उनमें पतियों की साख बचाने को खुद प्रचार में जुट गई हैं। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार श्याम सिंह वर्मा, फुरकान अहमद, संजय प्रजापति, प्रीतम सिंह और विमल गोला के प्रचार में महिला शक्ति जोरशोर से जुटी हुई हैं। कुछ उम्मीदवारों की पत्नियां जबकि कुछ के रिश्तेदार घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं।
पतियों ने पत्नी को जिताने को झोंकी ताकत
भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद की उम्मीदवार पूर्व ब्लॉक प्रमुख रही नगीना रानी के पति रामेश्वर प्रसाद लोधी पेशे से अधिवक्ता होने के साथ क्षेत्र में शैक्षिक संस्था का भी संचालन करते हैं। धर्मपत्नी नगीना रानी को जीत दिलाने के लिए सुबह से रात तक जनसंपर्क में जुटे हैं। कांग्रेस की प्रत्याशी सेवानिवृत्त शिक्षिका सुमित्रा मनवाल के पति गजेंद्र मनवाल की सक्रियता भी कुछ कम नहीं है। सेवानिवृत्त बैंक कर्मी मनवाल पूरे जोशोखरोश से अपनी पत्नी के प्रचार को समर्पित हैं। निर्दलीय उम्मीदवार शिल्पा नेगी के पति विक्रम सिंह नेगी अपनी पत्नी को मुख्य मुकाबले में लाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। विक्रम यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव रहे और कई सालों से क्षेत्र में उनकी सक्रियता है। निर्दलीय मधु डोभाल के पति पुरुषोत्तम डोभाल अठूरवाला विस्थापित क्षेत्र के ग्राम प्रधान से लेकर सांसद प्रतिनिधि के रूप में काम कर चुके हैं।
यहां चुनाव में पत्नियों ने संभाली कमान
ऋषिकेश। नगर निगम बनने के बाद ऋषिकेश में पहली बार मेयर पद का चुनाव हो रहा है। महिला आरक्षित सीट होने के कारण सभी महिला प्रत्याशियों के पति सेनापति की भूमिका निभा रहे हैं। ऋषिकेश में मेयर के पद पर दो निर्दलीय सहित कांग्रेस और भाजपा मिलाकर चार मेयर प्रत्याशी हैं। मजे की बात यह है कि इनमें से दो प्रत्याशियों के पति पहले से राजनीतिक पृष्ठभूमि से रहे हैं। इनमें कांग्रेस से लक्ष्मी सजवाड़ के पति ज्योति सजवाड़ और वीना शर्मा के पति दीप शर्मा शामिल हैं। दोनों ही प्रत्याशियों के पति मार्गदर्शक की भूमिका भी निभा रहे हैं। इसके अलावा भाजपा प्रत्याशी अनीता ममगाई के पति हेतराम ममगाई भले ही राजनीतिक पृष्ठभूमि से न रहे हों लेकिन चुनाव में वह भी पर्दे के पीछे से मुख्य प्रबंधक की भूमिका में हैं।