श्रीनगर। गढ़वाल विवि प्रशासनिक भवन में कर्मचारियों व डीएवी के छात्रों के बीच हुई मारपीट मामले में पुलिस ने कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष महासचिव सहित एक अन्य कर्मचारी को गवाही के लिए समन भेजा है। पुलिस का कहना है कि जल्द विवेचना पूरी कर आरोप पत्र दायर किया जाएगा।
बीते अक्तूबर में डीएवी के छात्र अपनी विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग के लिए गढ़वाल विवि के प्रशासनिक भवन पहुंचे थे। यहां विरोध प्रदर्शन के दौरान डीएवी के छात्रों ने प्रशासनिक भवन में जमकर तोड़फोड़ भी की थी, जिस पर डीएवी के छात्रों व विवि के कर्मचारियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों के बीच जमकर लात घूंसे चले। बाद में विवि के कुलसचिव डा. एके झा ने डीएवी के छात्र संघ अध्यक्ष जितेंद्र सहित करीब 16 छात्रों के खिलाफ कोतवाली में नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। बृहस्पतिवार को पुलिस ने विवेचना के तहत बयान दर्ज करने के लिए शिक्षणेतर कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र भंडारी, महासचिव रविंद्र सिलवाल व सुभाष भट्ट को समन जारी किए हैं। कोतवाल एनएस बिष्ट ने बताया कि मामले में जल्द विवेचना पूरी कर आरोप पत्र तय किया जाएगा।