गोपेश्वर। चमोली जिला खेल विभाग की ओर से आयोजित राष्ट्रीय स्तर की वॉलीबाल प्रतियोगिता का खिताब पंजाब पुलिस ने अपने नाम किया। पंजाब पुलिस ने बंगाल इंजीनियर्स रुड़की की टीम को लगातार तीन सेटों में हराया। बंगाली इंजीनियर्स रुड़की की टीम उपविजेता बनी। पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार बांटे। विजेता टीम को 51 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 41 हजार का नकद पुरस्कार दिया गया।
बुधवार को पूर्वाह्न ग्यारह बजे से अपराह्न दो बजे तक बीएसएफ और प्रीतमपुरा दिल्ली और बंगाल इंजीनियर्स रुड़की और पंजाब पुलिस के बीच मुकाबला हुआ। पहले मैच में बीएसएफ ने बंगाल इंजीनियर्स रुड़की की टीम को 25-22, 25-24, 25-19 व 25-20 से हराया। दूसरे मैच में बंगाल इंजीनियर्स रुड़की ने चार सेट 25-22, 25-18, 25-19 व 25-20 से पंजाब पुलिस को हरा दिया। संपूर्ण प्रतियोगिता में 15 मैच हुए, जिसमें बंगाल इंजीनियर्स रुड़की की टीम ने सर्वाधिक पांच और पंजाब पुलिस ने चार मैच जीते। इस कारण दोनों टीमों के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। फाइनल में पंजाब पुलिस ने लगातार तीन सेटों में 25-18, 25-22 व 25-19 अंकों से प्रतियोगिता जीत ली। इस तरह पंजाब पुलिस विजेता और बंगाल इंजीनियर्स रुड़की की टीम उपविजेता बनी। इस मौके पर प्रभारी खेल अधिकारी अभिनव दीपक, जिला वॉलीबाल संघ के अध्यक्ष अशोक रावत, गोपाल बिष्ट, कमल किशोर चौहान, सुखदेव बडोनी, राजीव गौड़, पृथ्वी रावत, जगदीश रावत, केसी पंत, हेम पुजारी, अशोक रावत, दीपेंद्र नेगी और योगेंद्र बर्तवाल आदि मौजूद थे।