गोपेश्वर। चमोली जिले में चार नगर पालिका और पांच नगर पंचायत अध्यक्ष व सभासद के लिए मंगलवार को नामांकन के अंतिम दिन कुल 182 नामांकन पत्र जमा हुए। अध्यक्ष पद के लिए 44 और सभासद के लिए 138 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। अब जिले में अध्यक्ष पद के लिए 51 और सभासद के लिए 162 प्रत्याशी हो गए हैं।
नगर पालिका गोपेश्वर में अध्यक्ष पद के लिए दस प्रत्याशियों पुष्पा पासवान (भाजपा), सुरेंद्र लाल (कांग्रेस) के साथ ही निर्दलीय रुद्रचंद्र आर्य, जगत लाल, मनमोहन, रघुवीर खनेड़ा, राकेश लाल, दीप खनेड़ा, सत्येश्वरी देवी और संजय ने नामांकन कराया है। जबकि 11 वार्डों के लिए 31 प्रत्याशियों ने सभासद के लिए नामांकन कराया है। नगर पालिका गौचर में अध्यक्ष के लिए चार प्रत्याशियों अंजू बिष्ट (भाजपा), इंदू पंवार (कांग्रेस), मंजू (बसपा) व मीना (निर्दलीय) ने नामांकन कराया है। यहां सभासद के सात पदों के लिए 20 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया है। पालिका जोशीमठ में अध्यक्ष के लिए दस प्रत्याशी अरुण कुमार (उक्रांद), गोविंद पंवार (भाजपा), ममता (बसपा), शैलेंद्र सिंह (कांग्रेस), अतुल सती (भाकपा माले), नैन सिंह भंडारी, रमेश सती (निर्दलीय), राकेश रंजन, सुभाष डिमरी और भगवती कपरवाण ने नामांकन कराया है। सभासद के नौ वार्डों के लिए 24 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। नगर पालिका कर्णप्रयाग में अध्यक्ष के लिए चार प्रत्याशी दमयंती रतूड़ी (भाजपा), मनोरमा देवी (कांग्रेस), अनीता नेगी व रजनी चौहान ने नामांकन किया है। यहां सात वार्डों के लिए 33 प्रत्याशियों ने सभासद के लिए नामांकन किया। इसी तरह नगर पंचायत पोखरी में अध्यक्ष के लिए आठ प्रत्याशी विजयपाल सिंह (भाजपा), जगदीश प्रसाद (कांग्रेस) के साथ ही महिपाल लाल (बसपा), विष्णु प्रसाद, लक्ष्मी पंत, संतोष सिंह, श्रवण सती व जीत सिंह ने नामांकन किया। जबकि सात वार्डों के लिए 21 प्रत्याशियों ने सभासद के लिए पर्चे दाखिल किए। पीपलकोटी में अध्यक्ष के लिए आठ प्रत्याशी रमेश बंडवाल (भाजपा), बिहारी लाल (कांग्रेस) के साथ ही राजेश बनवाल, पुष्पा, बृजलाल, राकेश कुमार, जगदीश लाल व सुरेंद्र लाल ने नामांकन किया। चार वार्डों में सभासद के लिए 16 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। नंदप्रयाग में अध्यक्ष के लिए तीन प्रत्याशी हिमानी वैष्णव (भाजपा), कनिज सिद्दकी (कांग्रेस) और शकुंतला ने नामांकन किया। चार वार्डों में सभासद के लिए 9 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए। गैरसैंण में अध्यक्ष के लिए मात्र दो प्रत्याशी जानकी देवी (भाजपा) और पुष्कर सिंह (कांग्रेस) ने नामांकन कराया है, जबकि सात वार्डोँ के लिए 19 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। थराली में अध्यक्ष के लिए कुंती देवी (कांग्रेस) और दीपा देवी (भाजपा) ने नामांकन कराया है। यहां चार वार्डों के लिए 19 प्रत्याशियों ने नामांकन किया।