कर्णप्रयाग। जिलासू में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने भाजपा सरकार पर विकास बाधित करने का आरोप लगाया। पूर्व विधायक ने कहा कि जिलासू तहसील में विकास का पहिया जाम हो गया है। यहां कांग्रेस सरकार की ओर से खोली गई तहसील में तैनात कर्मियों को हटा दिया गया है, जिससे लोगों को मूल निवास प्रमाणपत्र बनाने के लिए 40 किमी दूर पोखरी जाना पड़ रहा है। वहीं जिलासू के लिए स्वीकृत आईटीआई को भाजपा सरकार ने निरस्त कर दिया है।
गंगानाली क्षेत्र में जिलासू के मेला मैदान में आयोजित सम्मेलन में राजेंद्र भंडारी ने कहा कि तहसील की निर्माणाधीन सड़क आली-सरणा पर काम बंद है, जबकि सरणा-ऐरास सड़क लंबे समय से बंद है। सरणा, आली-कांडई सहित माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षक नहीं है। भंडारी ने बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट पर जनता की समस्याएं हल करने के बजाए छत्तीसगढ़ घूमने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ विधानसभा के जिलासू क्षेत्र के गंगनाली क्षेत्र की समस्याओं के प्रति विधायक और सरकार संजीदा नहीं है। सम्मेलन में गिरसा के प्रधान अनूप चौहान, ज्येष्ठ उपप्रमुख वीरेंद्र सिंह बर्तवाल, सरणा के दर्शन सिंह नेगी, यूथ कांग्रेस के अनूप रावत, विक्रम सिंह पंवार, दिलवर सिंह बर्तवाल और वीरेंद्र सिंह कंडारी आदि मौजूद थे।
कोट
जल्द प्रमोशन और संघ लोक सेवा आयोग से तहसीलदारों की नियुक्ति कर ली जाएगी। पूरी बदरीनाथ विधानसभा में सड़कें बंद हैं। निर्माणाधीन सड़कों का काम तेजी से किया जा रहा है। विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं के लिए बराबर कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के संपर्क में हूं। - महेंद्र भट्ट, विधायक बदरीनाथ।