ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
डाकपत्थर स्थित वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पोस्टर प्रतियोगिता और ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। वारियर गर्ल्स फाउंडेशन की अध्यक्ष रेहाना ने स्वरचित कविता क्यों अजनबी सी हो गई हूं मैं अपने गांव में... पढ़ गोष्ठी की शुरुआत की। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्य डॉ. आशुतोष त्रिपाठी ने किया।
इस दौरान छात्रों ने सर्जिकल स्ट्राइक और स्वच्छता विषय पर आधारित पोस्टर तैयार कर सबका मन मोह लिया। सर्जिकल स्ट्राइक पर आधारित पोस्टर प्रतियोगिता में बीएससी प्रथम सेमेस्टर की संजना, रिया राठौर और अभिलाषा चौहान ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। बीए तृतीय सेमेस्टर की सजल कन्नौजिया ने दूसरा और बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की गौरी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, स्वच्छता विषय पर आधारित पोस्टर प्रतियोगिता में बीएससी पंचम सेमेस्टर की निकिता, नैना साहू ने क्रमश पहला और दूसरा स्थान प्राप्त किया। बीएससी तृतीय सेमेस्टर की अंजली सूर्यवंशी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
गोष्ठी का संचालन एनएसएस अधिकारी डॉ. दीप्ति बगवाड़ी ने किया। इस मौके पर डॉ. वीरेंद्र जोशी, डॉ. राखी डिमरी, डॉ. राकेश जोशी, डॉ. कामना लोहनी, डॉ. माधुरी, डॉ. योगेश भट्ट, डॉ. राजकुमारी आदि मौजूद रहे।