श्रीनगर। विकास खंड मुख्यालय के जीआईसी कीर्तिनगर में आयोजित खंड स्तरीय दो दिवसीय संस्कृत छात्र प्रतियोगिता का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ समापन किया गया। इस मौके पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का जिला स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है।
शुक्रवार को उत्तराखंड संस्कृत अकादमी हरिद्वार की ओर से आयोजित खंड स्तरीय संस्कृत छात्र प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग की संस्कृत नाटक प्रतियोगिता में जीआईसी मंजाकोट प्रथम, किलकिलेश्वर द्वितीय व पीपलीधार तीसरे स्थान पर रहा। संस्कृत समूह गान में जीआईसी कीर्तिनगर पहले, किलकिलेश्वर दूसरे व मंजाकोट तीसरे स्थान पर रहा। जबकि संस्कृत समूह नृत्य में जीआईसी नागरजाधार कड़ाकोट प्रथम, जीजीआईसी किलकिलेश्वर द्वितीय तथा कीर्तिनगर तीसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा संस्कृत वाद-विवाद में किलकिलेश्वर को पहला, कीर्तिनगर को दूसरा व आशुभाषण में राउमा खोला कड़ाकोट प्रथम, जीआईसी कीर्तिनगर द्वितीय व डांग कड़ाकोट तीसरे स्थान पर रहे। श्लोकोच्चारण में कीर्तिनगर पहले, खोला दूसरे व किलकिलेश्वर तीसरे नंबर रहा। जबकि सीनियर वर्ग के संस्कृत समूह गायन में जीआईसी नागरजाधार कड़ाकोट, संस्कृत समूह नृत्य में कीर्तिनगर, संस्कृत वाद-विवाद में जीआईसी कीर्तिनगर व संस्कृत आशुभाषण में जीआईसी न्यूली प्रथम रहे। कार्यक्रम के संयोजक परशुराम सेमवाल ने बताया कि प्रतियोगिताओं में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन जिला स्तर पर 12 व 13 सितंबर को आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए किया गया है। इस मौके पर खंड शिक्षाधिकारी डा. सुरेंद्र सिंह नेगी, अवधेश मणी लाल, विजय राम गोदियाल, पीटीए अध्यक्ष प्रदीप थपलियाल आदि मौजूद थे।