ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
पालिका क्षेत्र अंतर्गत पहाड़ी गली में पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से सड़क पर एक बड़ा गड्ढा बन गया है। लगातार हो रहे पानी के रिसाव से बिजली पोल को भी खतरा खड़ा हो गया है। आए दिन लोग इस गड्ढे में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। विरोध में क्षेत्रीय लोगों ने मंगलवार को भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सबल शेरावत के नेतृत्व में पालिका के अधिशासी अधिकारी की अनुपस्थिति में प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। गड्ढे का भरान और पेयजल लाइन की शीघ्र मरम्मत न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष ने कहा कि सड़क पर बना गड्ढा लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। बीते तीन दिन में कई लोग गड्ढे में गिरकर चोटिल हो चुके हैं। चेतावनी बोर्ड न होने के कारण रात के समय गड्ढे का पता नहीं चल पाता। विभागीय अधिकारी से मौखिक शिकायत के बाद भी गड्ढे का भरान नहीं किया जा रहा है। ज्ञापन सौंपने वालों में नितीश सैनी, अमरदीप सिंह, मनीष टंडन, चेतन ढींगरा, सोनू सबरवाल, शाहरुख मलिक, जितेंद्र ढींगरा, राहुल गर्ग गौरव अरोरा, सलमान आदि मौजूद रहे।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी भजन लाल आर्य ने बताया कि जल्द ही जल संस्थान से संपर्क कर पेयजल लाइन को ठीक करा गड्ढे का भरान कराया जाएगा।