ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। शुगर मिल डोईवाला पर बकाया चल रहे गन्ना मूल्य भुगतान की मांग को लेकर किसान सभा डोईवाला ने जुलूस निकालकर शुगर मिल गेट पर धरना प्रदर्शन किया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत काफी संख्या में गन्ना भुगतान की मांग को लेकर गन्ना समिति डोईवाला परिसर में एकत्रित हुए और वहां से किसान सभा के जिलाध्यक्ष दलजीत सिंह के नेतृत्व में जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए डोईवाला शुगर मिल पहुंचे।
भुगतान नहीं होने से क्षुब्ध किसानों ने जमकर नारेबाजी करते हुए मिल गेट पर धरना प्रदर्शन किया। किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सजवाण ने कहा कि राज्य सरकार गन्ना किसानों की उपेक्षा कर रही है। मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र के किसानों को भुगतान के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है, जो बेहद शर्मनाक है। कहा कि किसानों का सब्र टूटता जा रहा है। जिलाध्यक्ष दलजीत सिंह ने कहा कि विभागीय अधिकारियों से लेकर सरकार तक किसानों ने गुहार लगाई लेकिन भुगतान की दिशा में कार्रवाई नहीं हुई है।
कहा कि किसानों के गन्ने से तैयार चीनी बाजारों में बेची जा रही है जबकि भुगतान करने में संकोच हो रहा है। कहा कि दस दिनों की चेतावनी पूरी होने के बाद आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा। किसानों ने डोईवाला शुगर मिल के अधिशासी निदेशक का घेराव कर जल्द भुगतान की भी मांग की। प्रदर्शन में राजेंद्र पुरोहित, कमरुद्दीन, अमरबहादुर शाही, सुरजीत सिंह, पूरण सिंह, वीरेंद्र सिंह, सुभाष कुमार, अय्यूब हसन, प्रताप सिंह, हुसैन अहमद, जसबीर सिंह, हरजिंदर सिंह और कुलदीप सिंह आदि मौजूद रहे थे।