श्रीनगर। विकासखंड देवप्रयाग व जाखणीधार के कई गांवों को जोड़ने वाले माल्डा-श्रीकोट-पैंडूला मोटर मार्ग के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। भूमि प्रतिकर भुगतान पर विभाग और ग्रामीणों के बीच आपसी सहमति बनने के बाद अब एक साल बाद फिर से मोटर मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।
विकासखंड देवप्रयाग की ग्राम पंचायत श्रीकोट, पैंडूला, कुमराड़ा, कुलेड़ रौड़धार, माल्डा, पौड़ीखाल व विकासखंड जाखणीधार की ग्राम पंचायत पुनाणु के शिवालय को जोड़ने के लिए वर्ष 2016 में शासन ने आठ किमी. मोटर मार्ग स्वीकृत किया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग कीर्तिनगर की ओर से निर्माण कार्य शुरू करवाया गया। तीन किमी. मार्ग का निर्माण होने के बाद काश्तकारों को भूमि के प्रतिकर का भुगतान न किए जाने पर ग्रामीणों ने नवंबर 2017 में निर्माण कार्य रुकवा दिया था। ग्रामीणों की मांग थी कि प्रतिकर भुगतान के बाद ही सड़क निर्माण का कार्य करवाया जाना चाहिए था। ग्राम प्रधान साहब सिंह बागड़ी ने बताया कि एक साल तक चले विवाद के बाद अब विभाग व ग्रामीणों की बैठक में समस्या का हल निकाल लिया गया है, जिसके तहत विभाग को तीन माह में 15 लाख के प्रतिकर का भुगतान करना होगा। विभाग की ओर से एक साल पूर्व जो तीन किमी. मोटर मार्ग का निर्माण करवाया गया, उससे गांवों के आम रास्ते क्षतिग्रस्त पड़े है। विभाग ने मार्ग पर पड़ने वाले भवनों की सुरक्षा के इंतजाम भी नहीं किए है, जिससे ग्रामीणों को एक साल से समस्या से जूझना पड़ रहा है।
छह करोड़ की लागत से स्वीकृत इस मोटर मार्ग के निर्माण में पड़ने वाली भूमि के प्रतिकर के लिए एक करोड़ 9 लाख स्वीकृत हो चुका है। ग्रामीणों को समझौते के अनुरूप भूमि व अन्य प्रतिकर का भुगतान किया जाएगा। - जेपी थपलियाल, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग, कीर्तिनगर।