ब्यूरो/अमर उजाला/सेलाकुई।
जमनपुर-शेरपुर संपर्क मार्ग के बीच स्थित बरसाती नाले पर छह माह बाद भी पुलिया निर्माण का काम अधर में लटका हुआ है। जिस पर शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पूर्व ग्राम प्रधान भगत सिंह राठौर के नेतृत्व में जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। शीघ्र पुलिया का निर्माण कार्य पूरा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
ग्रामीणों ने कहा छह माह पूर्व नगर पंचायत सेलाकुई के अस्तित्व में आने के बाद खाले पर करीब 100 मीटर लंबी पुलिया निर्माण का काम शुरू किया गया। पुलिया निर्माण से शेरपुर, मलकूचंद, हसनपुर, हिंदवाला समेत आसपास के एक दर्जन से भी अधिक गांव की आबादी को सेलाकुई आने-जाने में सुविधा होती। लेकिन हाईकोर्ट के निर्देश के बाद नगर पंचायत की व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया। जिसके बाद से खाले पर पुलिया निर्माण कार्य भी अधर में लटका हुआ है। बरसात में लोगों को सेलाकुई पहुंचने के लिए वाया सिंघनीवाला 5 किमी का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ता है। छात्रों को सबसे ज्यादा दिक्कतें पेश आती है।
एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि जल्द ही पुलिया का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में सतीश कुमार, सोनू कुमार, जगदीश, राजपाल, मधु, रोशनी, रवि प्रकाश, सोनी, विनोद, मोना, मदन लाल शाह, ओम प्रकाश, दीपक, राजेंद्र, मायाराम, सन्नी, रेशमा, कविता, पिंकी, दुर्गा, राजू, दयानंद, कासिम आदि शामिल रहे।