ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर जजरेट के पास मलबा आने से आए दिन ठप होने वाली आवाजाही पर लगाम लग सके। इसके लिए विभागीय अधिकारियों ने विकल्पों पर काम करना शुरू कर दिया है। जजरेट के पास केबल ब्रिज निर्माण को शासन स्तर पर पहले ही स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। वर्तमान में इसके लिए डीपीआर तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। वहीं, सरकार की योजना भूस्खलन सक्रिय जोन में एवेलॉच गैलेरी निर्माण भी की है। इस हिस्से पर एवेलॉच गैलेरी निर्माण से सड़क के ऊपर होने वाले भूस्खलन से बचा जा सकेगा साथ ही इसकी लागत भी केबल ब्रिज के निर्माण से कम आएगी।
मालूम हो कि जजरेट के पास अक्सर बरसात में पहाड़ी सक्रिय हो जाती है। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा का गिरना शुरू हो जाता है। जिससे अक्सर सड़क के इस हिस्से पर वाहनों की आवाजाही में ब्रेक लग जाता है। लोगों को घंटे सड़क के खुलने का इंतजार करना पड़ता है। कई बार दो से तीन दिन सड़क नहीं खुल पाती। इस दौरान काश्तकारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। विकासनगर बाजार में भी लोगों का कारोबार प्रभावित होता है। ऐसे में अब सरकार ने इस हिस्से पर भूस्खलन पर लगाम लगाने के लिए विकल्पों को तलाशने का काम शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी विभागीय अधिकारियों को इस योजना पर काम करने के निर्देश दिए हैं।
विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने बताया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने जजरेट पर मलबे को रोकने के लिए सिर्फ पैसे की बर्बादी की है। अब केबल ब्रिज के साथ ही सड़क पर एवेलॉच गैलेरी निर्माण की संभावनाओं को तलाशा जा रहा है।