ब्यूरो/अमर उजाला/सेलाकुई।
अघोषित बिजली कटौती पर रामपुर शंकरपुर के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने सेलाकुई स्थित सब स्टेशन में एसडीओ का घेराव कर जमकर हंगामा काटा। इससे पूर्व देर रात को भी ग्रामीणों ने सब स्टेशन पहुंच जमकर हंगामा किया था। जहां ग्रामीणों की ड्यूटी में तैनात जेई राजपाल के साथ तीखी-नोक झोंक भी हुई। मामले में जेई ने ग्रामीणों के खिलाफ सहसपुर थाने में तहरीर दी थी। जहां बाद में मामले में समझौता हो गया।
ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में आए दिन अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। बिजली उपकरण शोपीस बने हुए हैं। बिजली कटौती करने का कोई समय निर्धारित नहीं है। दिन के साथ ही रात में भी कई घंटों बिजली गुल रहती है। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सिर्फ ग्रामीण अंचलों में ही कटौती की जा रही है। सेलाकुई शहर में कोई बिजली कटौती नहीं है। शाम को खाना बनाते समय और बच्चों की पढ़ाई के समय अक्सर लाइट गुल हो जाती है जो कई घंटो बाद बहाल हो पाती है। मंगलवार की रात को भी क्षेत्र की बत्ती को गुल कर दिया गया। एसडीओ मुकेश कुमार ने बताया कि मांग और पूर्ति में अंतर होने के कारण कटौती की जा रही है। सभी इलाकों में बिजली कटौती का समय निर्धारित है। उसी के अनुसार बिजली कटौती की जा रही है। घेराव करने वालों में शहजाद अली, आलम सिंह, साजिद, जावेद, मेहताब, शादाब, सलमान, मुंतजिर, सुभान, लियाकत, तैमूर, इरफान, इमरान आदि मौजूद रहे।