श्रीनगर। टीए बिल लीक होने के मामले में गढ़वाल विवि प्रशासन की बौखलाहट कम नहीं हो रही है। विवि प्रशासन ने इस संबंध में कमेटी गठित कर जांच करने का निर्णय लिया है।
मंगलवार को विवि प्रशासन ने बिड़ला परिसर स्थित एसीएल हॉल में सभी कर्मचारियों की बैठक बुलाई। बैठक में कुलपति, कुलसचिव व वित्त अधिकारी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। अधिकारियों ने टीए बिल लीक होने पर कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। कहा कि इस विभागीय दस्तावेजों को लीक होने के मामले कतई बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। बैठक में विवि के अधिकारियों ने टीए बिल की कॉपी मीडिया को पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही। अधिकारियों ने कहा कि मामले में जांच कमेटी गठित की जाएगी, जो टीए बिल लीक होने के मामले की जांच कर दोषियों की पहचान करेगी। वहीं विवि के कर्मचारी संतोष ममगांई ने कहा कि विवि की प्रतिक्रिया पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के विरुद्ध है। अनियमित भुगतान के संबंध में जांच करने के बजाय विवि प्रशासन अपनी कमियों को छुपाने की कोशिश कर रहा है। वहीं जब इस संबंध में कुलसचिव डा. एके झा से फोन से संपर्क करना चाहा, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।