कर्णप्रयाग। ऑल वेदर परियोजना के तहत प्रभावित 10 कस्बों के लोगों को 23 करोड़ से अधिक का मुआवजा मिलेगा। प्रशासन ने परियोजना के तहत प्रभावित होने वाले काश्तकारों की सूची को अंतिम रूप देते हुए मुआवजे के लिए उच्चाधिकारियों को भेज दिया है। अगस्त माह में मुआवजा बांटा जा सकता है।
तहसील के कमेड़ा, गौचर, चटवापीपल, कर्णप्रयाग, उमट्टा, कालेश्वर, उत्तरों, लंगासू, भकुंडा सहित सोनला और आस पास के कस्बे ऑल वेदर परियोजना से प्रभावित हो रहे हैं। मंगलवार को तहसील प्रशासन ने गौचर, कर्णप्रयाग और लंगासू सर्किल के राजस्व उपनिरीक्षकों और अन्य कर्मियों के साथ बैठक कर प्रभावितों की सूूची और मुआवजे को अंतिम रूप दिया। तहसील में परियोजना से करीब 10 कस्बों के 2184 लोग प्रभावित हैं, जिनको 23 करोड़ से अधिक का मुआवजा दिया जाना है। उपजिलाधिकारी जीआर बिनवाल ने बताया कि ऑलवेदर में भी अंशधारक प्रक्रिया के तहत ही मुआवजा दिया जाएगा। प्रभावितों पूरी सूची और मुआवजा राशि को तय कर जिला प्रशासन को भेज दिया गया है। जिला प्रशासन के निर्णय पर मुआवजा वितरित किया जाएगा।