श्रीनगर। गढ़वाल विवि में जुलाई माह के अंत तक स्थायी कुलपति की नियुक्ति की उम्मीद है। कुलपति की नियुक्ति के लिए गठित सर्च कमेटी की पहली बैठक 15 जून को दिल्ली में होगी। इस बैठक में कुलपति पद के लिए आए आवेदन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी।
बता दें कि गढ़वाल विवि के कुलपति प्रो. जेएल कौल को पिछले वर्ष दिसंबर में केंद्र सरकार बर्खास्त कर दिया गया था। तब से इस पद पर विवि के वरिष्ठ प्रोफेसर कार्यवाहक के तौर पर तैनात हैं। विवि में कुलपति की नियुक्ति के लिए पांच सदस्यीय सर्च कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी में दो सदस्य विजिटर (राष्ट्रपति) व तीन सदस्य विवि की ओर से नामित किए गए हैं। 15 जून को सर्च कमेटी की पहली बैठक दिल्ली में आयोजित की जा रही है। विवि के अधिकारियों का कहना है, कि बैठक में कुलपति पद के लिए आए आवेदन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी। कुलपति पद के लिए करीब 150 से अधिक आवेदन आए हैं। ब्यूरो