कीर्तिनगर। विकास खंड के चौरास क्षेत्र में पेयजल योजनाओं के निर्माण के बाद भी ग्रामीणों को पेयजल समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। ग्रामीण प्राकृतिक जल स्रोत व अलकनंदा नदी के गंधले पानी से प्यास बुझाने को मजबूर हैं।
पेयजल समस्या के निराकरण की मांग के लिए ग्रामीणों ने एसडीएम से मुलाकात कर समस्या के निराकरण की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति के लिए दो-दो योजनाओं का निर्माण किया गया है। बावजूद इसके, ग्रामीणों को आए दिन पेयजल समस्या से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मंगसू व संगम विहार में 200 परिवार निवास करते हैं। उन्हें दिन में मात्र आधा घंटे ही पेयजल आपूर्ति की जा रही है। ग्रामीण सोबन सिह, जगत सिंह पंवार, आईडी कुंवर, जीपी बमोला, बीएस नेगी व एसएल बर्त्वाल ने कहा कि समस्या को लेकर कई बार जल संस्थान के अधिकारियों व कर्मचारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन कोई भी ग्रामीणों की समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि योजना पर पानी की कमी के बाद भी विभागीय अधिकारी व कर्मचारी अपने निजी स्वार्थों को लेकर होटल व्यवसायों को घरेलू व व्यवसायिक कनेक्शन दे रहे हैं, जिससे उक्त गांवों में पेयजल संकट बना है। एसडीएम नुपुर वर्मा ने पेयजल समस्या के मामले की जांच कर ग्रामीणों को इसके निराकरण का आश्वासन दिया है।