श्रीनगर। गढ़वाल विवि के एक उच्चाधिकारी के खिलाफ की गई शिकायतों पर यूजीसी ने विवि को पत्र भेजकर अपने स्तर पर विवेचना कर कार्रवाई करने को कहा है। उच्चाधिकारी के खिलाफ शिकायतकर्ता ने राष्ट्रपति कार्यालय सहित पीएमओ, एमएचआरडी, यूजीसी व वित्तमंत्री केंद्र सरकार में शिकायत की थी।
गढ़वाल विवि के एक उच्चाधिकारी के खिलाफ पौड़ी निवासी हरीश चंद्र ने राष्ट्रपति कार्यालय सहित विभिन्न कार्यालयों में शिकायत दर्ज कराई थी। हरीश चंद्र की ओर से भेजे शिकायती पत्र में उच्चाधिकारी की कार्यवाहक कुलपति द्वारा नियम विरुद्ध निलंबन वापसी, निर्धारित आवास के बजाय गेस्ट हाउस में रहने व उसका भुगतान न करने, बिना पे कमीशन के संस्तुति के एक अन्य अधिकारी को उच्च ग्रेड पे का भुगतान करने सहित आठ शिकायतें दर्ज की गई है। यूजीसी की अनुसचिव सुषमा राठोर ने गढ़वाल विवि को मामले में अपने स्तर पर विवेचना कर नियमानुसार उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विवि की ओर से की गई कार्रवाई से यूजीसी को भी अवगत कराने के लिए कहा गया है। पत्र को गढ़वाल विवि के कुलपति कार्यालय में चार जून को रिसीव भी कर लिया गया है। बावजूद इसके विवि की कुलपति (कार्यवाहक) प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने यूजीसी से ऐसे किसी भी पत्र के बारे में अनभिज्ञता जाहिर की है।