ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
रायवाला क्षेत्र के अंतर्गत साहबनगर में चार अन्य महिलाओं के साथ सौंग नदी किनारे गई एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। इस दौरान साथ गई महिलाओं ने किसी तरह से गुलदार को मौके से भगाया, जिसके बाद जख्मी महिला को निजी वाहन से एसपीएस राजकीय अस्पताल में लाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे एम्स रेफर कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक साहबनगर निवासी लक्ष्मी थापा 48 पत्नी बल बहादुर रविवार सुबह चार अन्य महिलाओं के साथ सौंग नदी किनारे अपनी जमीन देखने के लिए गई थी। प्यास लगने पर वह नदी किनारे एक प्राकृतिक जलस्रोत पर पहुंची, तो पहले से ही घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। चीख-पुकार की आवाज सुनकर साथ गई महिलाएं मौके पर दौड़ीं। उन्होंने डंडों की मदद से गुलदार को वहां से खदेड़ा और लक्ष्मी को उसके चंगुल से बचाया।
प्रत्यक्षदर्शी महिलाओं ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय निवासी गजेंद्र विक्रम शाही निजी वाहन से महिला को लेकर एसपीएस राजकीय चिकित्सालय पहुंचे। जहां से महिला के सिर और शरीर पर गंभीर जख्म को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे एम्स के लिए रेफर कर दिया। शाही ने बताया कि एम्स में लक्ष्मी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। उन्होंने मोतीचूर वन रेंज से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। इसके साथ ही सौंग नदी किनारे बाहरी लोगों के पिकनिक मनाने पर भी रोक लगाने की मांग उठाई है।