गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम में भीख नहीं देने पर यात्रियों के पीछे भागने व उन्हें भीख देने के लिए दबाव बनाने पर भिक्षुक अधिनियम के तहत कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार 30 भिखारियों को शनिवार को जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। वहीं बदरीनाथ में अभी भी 150 से अधिक भिखारी मौजूद हैं।
बदरीनाथ धाम में तीर्थयात्रियों को पीछे भागकर और उन्हें डरा धमकाकर भीख मांगने वाले 30 भिखारियों को शुक्रवार को बदरीनाथ थाना पुलिस ने सत्यापन करने के बाद गिरफ्तार किया। शनिवार सुबह भिखारियों का जिला चिकित्सालय में मेडिकल करवाने के बाद जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
बदरीनाथ के कोतवाल अनिल जोशी का कहना है कि धाम को जाने वाले अलकनंदा पुल तक भिखारियों की लंबी लाइन लगी रहती है। कुछ भिखारी तीर्थयात्रियों से जबरदस्ती भीख मांग रहे थे। नहीं देने पर वे यात्रियों के साथ अभद्रता कर रहे थे। इसी को देखते हुए कुछ भिखारियों को चिह्नित कर गिरफ्तार किया गया। इधर, एसपी तृप्ति भट्ट का कहना है कि धाम में यदि अन्य के विरुद्घ भी इस प्रकार की शिकायत मिली, तो उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।