देवप्रयाग। अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी पक्षी दिवस पर युवा गंगा प्रहरियों ने छात्रों को गंगा तटों पर प्रवास करने वाले पक्षियों के बारे में जानकारी दी। साथ ही गंगा को स्वच्छ रखने में सहयोग देने के लिए बाल गंगा प्रहरी बनने के लिए भी प्रेरित किया।
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन व भारतीय वन्य जीव संस्थान के जैव विविधता संरक्षण और गंगा जीर्णोद्धार कार्यक्रम के तहत शनिवार को युवा गंगा प्रहरियों ने छ।त्र छात्राओं को जागरूक किया। संगम स्थित ओंकारानंद पब्लिक स्कूल के छात्र छात्राओं को गंगा तट पर आने वाले प्रवासी पक्षियों के बारे में बताया गया। गंगा प्रहरी अरविंद जियाल, अरविंद कुमार, दीपक बेडवाल, काजल आदि ने बताया कि गंगा तट पर शीत काल में प्रतिवर्ष हजारों किमी दूर स्थित देशों से बड़ी संख्या में पक्षी पहुंचते है, जिनमें चमकदार पंख वाला सुरखाब पक्षी सहित बार हेडेड गूज व साइब्रेरियन क्रेन आदि प्रमुख हैं। इन देशों में जलवायु बदलने पर यह पक्षी गंगा तटों पर कई महीनों डेरा डाले रहते हैं और फिर अपने देश लौट जाते हैं। बताया कि गंगा तट पर आनेवाले यह पक्षी हमारे मेहमान होते हैं । इसलिए हमें इनसे उचित व्यवहार करना चाहिए। मौके पर प्रधानाचार्य प्रसन्न डबराल, संजय गैरोला, पुरुषोत्तम तिवारी, मनोज पंत, मयंक कोठीवाल, प्रमोद कुगियाल, सचिन ध्यानी आदि मौजूद थे।