ब्यूरो/अमर उजाला/त्यूनी।
लाखामंडल स्थित राजकीय बालिका आश्रम पद्धति विद्यालय के उच्चीकरण और सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग पर जौनसार बावर जनकल्याण विकास समिति ने शनिवार को स्कूल परिसर में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने स्कूल का उच्चीकरण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
समिति की अध्यक्ष बचना शर्मा ने कहा कि वर्तमान में स्कूल में 10वीं तक की कक्षाएं संचालित हो रही है। इसके बाद आगे की पढ़ाई के लिए छात्राओं को दूसरे गांव जाना पड़ता है, लेकिन वहां पर छात्राओं को रहने की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाती। इस कारण उन्हें किराए पर कमरा लेकर रहना पड़ता है, जबकि ये सभी सुविधाएं स्कूल में मुफ्त में उपलब्ध हैं। कहा स्कूल का उच्चीकरण होने से छात्राओं को घर के पास ही अच्छी पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। छात्राओं को किराए पर कमरा लेकर भी नहीं रहना पड़ेगा। कहा स्कूल में सीटों की संख्या बढ़ने से अन्य गरीब वर्ग की कन्याएं भी स्कूल में रहकर पढ़ाई कर सकेंगी। प्रदर्शन करने वालों में बाबूराम शर्मा, भगतराम, इंदिरा देवी, नवीन, विक्रम सिंह, घनश्याम, राजपाल, गुन्नू, ओमप्रकाश आदि शामिल रहे।