श्रीनगर। गढ़वाल विवि के सेवायोजन कार्यालय में आठ मई को रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सरकार की आशीर्वाद योजना के तहत अभ्यर्थियों को विभिन्न नामी कंपनियों की ओर से चार वर्षीय निशुल्क डिप्लोमा के साथ ही छात्रवृत्ति भी दी जाएगी।
विवि सेवायोजन सूचना एवं मंत्रणा केंद्र के उप प्रमुख मुकेश प्रसाद रयाल ने बताया कि यह आयोजन टेक्निकल ट्रेनिंग फाउंडेशन के अनुरोध पर आठ मई को गढ़वाल विवि के सेवायोजन कार्यालय में सुबह 10 बजे से किया जाएगा। बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को ऑटोमोबाइल मैन्यूफैक्चरिंग व विशेष औद्योगिक डिप्लोमा पंतनगर एजूकेशन सेंटर के निकट टेक्निकल ट्रेनिंग फाउंडेशन कोर्स, अशोक लीलेण्ड प्लांट, हैवी ऑटोमोबाइल मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी सिडकुल पंतनगर में दिया जाएगा। इस दौरान चयनित अभ्यर्थियों को प्रथम वर्ष आठ हजार, द्वितीय वर्ष दस हजार, तृतीय वर्ष बारह हजार व अंतिम वर्ष चौदह हजार की छात्रवृत्ति दी जाएगी। साथ ही अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवायी जाएंगी। उन्होंने बताया कि 18 से 23 आयु एवं कक्षा दस और बारह में पचास फीसदी अंक हासिल करने वाले ही इसके लिए आवेदन कर सकते है। इसके अलावा हाईस्कूल में गणित व विज्ञान विषय की पढ़ाई के साथ ही अंग्रेजी में भी कार्य करने का ज्ञान होना चाहिए। भर्ती मेले में प्रतिभाग के लिए अभ्यर्थियों को अपने साथ समस्त शैक्षणिक व अन्य प्रमाण पत्रों के साथ ही फोटो ग्राफ भी साथ लाने होंगे।