ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
वीर शहीद केसरी चंद की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर डाकपत्थर स्थित वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उनकी आदमकद प्रतिमा की स्थापना की गई। प्रतिमा का अनावरण विधायक विकासनगर मुन्ना सिंह चौहान ने किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। विधायक ने शहीदों के परिजनों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
विधायक ने कहा कि वीर शहीद केसरी चंद जौनसार बावर के पहले शहीद फौजी थे। मात्र 24 वर्ष की अल्प आयु में वह देश की आजादी के लिए फांसी के फंदे पर झूल गए। उनके बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।
कार्यक्रम में छात्रों ने गढ़वाली, हिंदी, जौनसारी, गुजराती, बांग्ला गीतों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक छटा बिखेरी। प्राचार्य डॉ. केएल बिष्ट ने पीजी कक्षाओं के संचालन के लिए पीजी ब्लॉक के निर्माण की मांग की। जिस पर विधायक ने शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में सरस्वती विद्या मंदिर यमुना कॉलोनी, सरस्वती विद्या मंदिर बाबू्गढ़, सैपियंस, ब्राइट एंजेल्स, एनफील्ड स्कूल के छात्रों ने भी प्रतिभाग किया। इस मौके पर एसडीएम जितेंद्र कुमार, छात्रसंघ अध्यक्ष भाग्यश्री, सचिव शिवम पांडेय, सतीश पाल, सुरेंद्र सिंह चौहान, मोहित जैन, अंकित जोशी, हरीश कंडवाल, शुभम सिंह, प्रेमचंद नौटियाल, संदीप कंडवाल, फरमान, हिमाद्रि, सपना शर्मा, जैसमीन, अर्चना चौधरी, अंकिता बुटोला, आदि मौजूूद रहे।