ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
उत्तराखंड अभिभावक संघर्ष महासंघ का निजी विद्यालयों द्वारा शुल्क वृद्धि व अतिरिक्त चार्ज वसूली के विरोध में आंदोलन शनिवार को छठे दिन भी जारी रहा। इस दौरान महासंघ के बैनर तले अभिभावकों ने खदरी खड़कमाफ स्थित विवेका एकेडमी के समक्ष सांकेतिक धरना दिया। इस दौरान महासंघ द्वारा कहा गया है कि जब तक निजी स्कूल मन मुताबिक फीस लेना बंद नहीं करते, आंदोलन जारी रहेगा। महासंघ की ओर से शनिवार को खदरी खड़कमाफ स्थित विवेका एकेडमी के समक्ष सांकेतिक धरना देकर निजी विद्यालयों द्वारा अतिरिक्त शुल्क लेने का विरोध किया गया।
महासंघ के संयोजक रवि कुमार जैन ने बताया कि इस दौरान विद्यालय प्रशासन से हुई वार्ता में वार्षिक शुल्क में की गई वृद्धि को वापस लेने और अतिरिक्त चार्ज नहीं लेने की मांग की गई। हालांकि, विद्यालय की प्राचार्य देवेश्वरी रयाल ने बताया कि स्कूल में संबंधित शासनादेश का पालन किया जा रहा है। स्कूल में किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जा रहा है। बताया कि साथ ही उन्होंने वार्षिक शुल्क में ट्यूशन फीस को समायोजित करने की बात कही है। इस अवसर पर लालमणि रतूड़ी, दिनेश कुलियाल, विजेंद्र चौहान, श्रीकांत रतूड़ी, मुकेश पांडे, मुकेश रणाकोटी, सुभाष कंडवाल, पूजा, अल्का, रीता, फुलारी आदि मौजूद थे।