श्रीनगर। आइसा के लाइब्रेरी भरो आंदोलन के तहत बृहस्पतिवार को छात्र अपनी किताबों के साथ लाइब्रेरी पहुंचे। हालांकि छात्रों के आक्रोश को देखते हुए लाइब्रेरी प्रशासन ने छात्रों को अपनी किताबों के साथ अंदर जाने दिया। पुस्तकालय प्रशासन ने कहा कि जल्द ही 150 छात्रों की क्षमता का हॉल बनकर तैयार हो जाएगा। जहां छात्रों को कैफेटेरिया के साथ ही फोटो कापी की सुविधा भी प्राप्त होगी।
गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर स्थित केंद्रीय पुस्तकालय के समय में बदलाव किए जाने और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की मांग के लिए आइसा कार्यकर्ता पिछले दो दिनों से आंदोलित है। कार्यकर्ताओं के पुस्तकालय भरो आंदोलन के तहत बड़ी संख्या में छात्र यहां रीडिंग रूम में जमीन में बैठ कर अध्ययन कर रहे हैं। नियमानुसार पुस्तकालय के भीतर रीडिंग रूप में छात्र अपनी किताबें नहीं ले जा सकते, लेकिन छात्रों की संख्या व आक्रोश को देखते हुए पुस्तकालय प्रशासन ने छात्रों को अपनी किताबें रीडिंग रूम में ले जाने की अनुमति दे दी। आइसा की नगर अध्यक्ष शिवानी पांडे ने कहा कि छात्र रात्रि के 8 बजे तक रीडिंग रूम में बैठे रहेंगे। छात्रों के आंदोलन को देखते हुए नियंता प्रो. अरुण बहुगुणा ने भी छात्रों से वार्ता की। पुस्तकालय अध्यक्ष एमएस राणा ने कहा कि जल्द ही 150 छात्रों की क्षमता वाला हॉल निर्मित कर दिया जाएगा। जहां छात्रों को कैफेटेरिया सहित अन्य कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी।