देवप्रयाग। सीएचसी हिंडोलाखाल व देवप्रयाग के बकाया बिजली बिलों का भुगतान न किए जाने पर विद्युत विभाग ने अस्पतालों के कनेक्शन काट दिए है, जिससे पिछले दो दिनों से अस्पतालों में सभी आवश्यक सेवाओं के साथ ही सफाई कार्य भी बाधित हो चुके है। मरीजों को दवा खाने तक के लिए पानी नही मिल पा रहा है।
सीएचसी देवप्रयाग व हिंडोलाखाल के विद्युत कनेक्शन काटे जाने से अस्पतालों में समस्या पैदा हो गई है। दो दिन से विद्युत आपूर्ति ठप्प होने से यहाँ ऑक्सीजन संयंत्र बंद पड़ा है। जबकि अस्पतालों में रखी वैक्सीन भी खराब होने की स्थिति में पहुंच चुकी है। राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अस्पताल के इमरजेंसी विभाग की व्यवस्था भी विद्युत आपूर्ति ठप होने से चरमराई हुई है। सीएचसी देवप्रयाग के प्रभारी डा. सतीश कुमार बताते है कि विभाग की ओर से तेल उपलब्ध न कराये जाने से जनरेटर भी ठप्प पड़ा है। बताया कि 27 मार्च को सीएचसी के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए है। कनेक्शन काटने से अस्पताल के लिए पानी भी पंप नही हो पा रहा है। अस्पताल पर विगत छह माह का 39 हजार 519 रुपये का बिजली का बिल बकाया है।
दूसरी ओर सीएचसी हिंडोलाखाल पर भी करीब 61 हजार 735 का बिल बकाया होने से उसका भी कनेक्शन काट दिया गया है। ऊर्जा निगम के अवर अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि बिल भुगतान के लिए स्वास्थ्य विभाग को कई बार नोटिस जारी किए गए थे। बिल जमा न होने पर दोनों सीएचसी के कनेक्शन काटे गए है।