ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में उत्तराखंड युवा बेरोजगार संगठन ने बुधवार को मुख्य बाजार में जुलूस निकाल मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। उन्होंने विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्तियां शुरू करने की मांग की।
बुधवार को डाकपत्थर तिराहे से शुरू हुआ जुलूस एक्सचेंज रोड, जल संस्थान कार्यालय, अस्पताल रोड, सिनेमा गली होते हुए पहाड़ी गली चौक पर पहुंच संपन्न हुआ। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी कर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं की आवाज को दबाना चाहती है। देहरादून में रोजगार की मांग कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज इसका उदाहरण है। वीडीओ परीक्षा में धांधली उजागर होने के बाद अब तक परीक्षा रद्द नहीं हो सकी है। कई विभागों में कई पद रिक्त पड़े हैं। बेरोजगार युवक दर-दर की ठोकर खाने को मजबूर हैं। लेकिन प्रदेश सरकार उनकी कोई सुध नहीं ली ले रही है। कहा यदि जल्द ही रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं होती तो संगठन को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। प्रदर्शन करने वालों में सुरेंद्र सिंह चौहान, केशव जोशी, पिंकी, कनिका, मोनिका, कल्याण सिंह चौहान, यशपाल तोमर, नीलम, रितू, प्रियांशी, रूबी, सुधा, कविता, शालिनी, दीक्षा, रुबिना, कविता, कृष्णा आदि मौजूद रहे।
आर्यन ने फूंका प्रदेश सरकार का पुतला
विकासनगर। बेरोजगार युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में आर्यन छात्र संगठन ने वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर में प्रदेश सरकार का पुतला फूूूूंका। छात्र नेता अरविंद चौहान ने कहा की बेरोजगार युुवा शांतिपूर्ण ढंग से अपने अधिकारों के लिए प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन सरकार ने युवाओं पर लाठीचार्ज कर उनके आंदोलन को कुचलने का प्रयास किया। जिसका संगठन पुरजोर विरोध करता है। वहीं दिल्ली में भी एसएससी मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज कर सरकार ने उनकी मांग को भी दबाने का प्रयास किया है। इस मौके पर विवेक लमगड़िया, सुमित सैनी, महेश मेंडिस, धर्मेंद्र चौहान, जसपाल सिंह, परमानंद, अजित, रोहित, रोबिन, राजू बिष्ट, आदेश राणा, चंदन चौहान, अर्चना, नेहा, चंदा आदि मौजूद रही।
प्रदर्शन से लगा जाम
विकासनगर(ब्यूरो)। मुख्य बाजार में संगठन के प्रदर्शन और पुतला दहन के चलते पहाड़ी गली चौक पर सड़क की एक साइड जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। सड़क पर पहाड़ी गली से लेकर अस्पताल रोड तक करीब 700 मीटर लंबा जाम लग गया। करीब आधा घंटा तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान पुलिस को यातायात व्यवस्था बनाने में खासा मशक्कत करनी पड़ी। जाम के चलते वाहनों को रेंग-रेंग पर आगे बढ़ना पड़ा।