ब्यूरो/अमर उजाला
ऋषिकेश।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव लोकसभा क्षेत्र के सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि यूपी सरकार बेहतर ढंग से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि भाजपा के शासनकाल में अधिकारियों को स्वतंत्र रूप से कार्य करने के लिए निर्देशित किया गया है, जबकि सपा और बसपा की सरकार में अफसर दबाव में होते हैं। उन्होंने हाल में लोकसभा उपचुनाव में पार्टी की हार को कार्यकर्ताओं की नाराजगी का परिणाम बताया। कहा कि इस पर नेतृत्व को विचार करना चाहिए। साक्षी ने कहा कि आसन्न लोकसभा चुनाव में श्रीराम मंदिर कोई मुद्दा नहीं होगा, मंदिर का निर्माण चुनाव से पूर्व ही शुरू हो जाएगा।
बुधवार देर शाम तीर्थनगरी पहुंचे सांसद साक्षी महाराज ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि यूपी में योगी सरकार बेहतर कार्य कर रही है। जिनके निजी कार्य नहीं हो रहे हैं, वही सरकार की आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने यूपी में हाल में हुए दो सीटों गोरखपुर और फूलपुर में हुए लोकसभा उपचुनाव में पार्टी की हार की वजह कार्यकर्ताओं में नाराजगी को बताया। कहा कि चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं ने किसी अन्य को वोट नहीं डाला बल्कि वह मतदान को घर से ही नहीं निकले। बताया कि भाजपा नेतृत्व को इस परिणाम पर मंथन करने की जरूरत है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर के मामले में अदालत का निर्णय पक्ष में आएगा और लोकसभा चुनाव से पूर्व मंदिर का निर्माण शुरू हो जाएगा। उन्होंने दावा किया कि मुस्लिम समाज अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के पक्ष में है।
उन्होंने 2019 में केंद्र में भाजपा की वापसी का दावा किया है। साथ ही कहा कि यदि मोदी दोबारा केंद्र में नहीं आए तो देश चीन के हाथों बिक जाएगा। उन्होंने बताया कि विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है। वह मुद्दों पर बहस करने की बजाए हल्ला मचा कर जनता को भ्रमित करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने मोदी के निर्णयों को देश और आम आदमी के हित में बताया।
नमामि गंगे योजना कागजों से धरातल पर आएगी
ऋषिकेश। सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि नमामि गंगे योजना जल्द कागजों से धरातल पर उतरेगी और मोक्षदायिनी गंगा की निर्मलता एवं अविरलता में मील का पत्थर साबित होगी। अब इसकी बागडोर सही हाथों में आई है जल्द योजना को धरातल पर उतारने की तैयारी है। योजना से गंगा स्वच्छ व निर्मल होगी।